Blog Image

आस्था, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का पावन संगम

सम्पूर्णा द्वारा आस्था और पर्यावरण संरक्षण के दिव्य समन्वय को साकार करते हुए श्री बाँके बिहारी मंदिर, वृन्दावन में राम सौभाग्य थैला वितरण एवं स्वच्छता संकल्प अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर सम्पूर्णा की संस्थापिका डॉ. शोभा विजेन्द्र अपनी समर्पित टीम के साथ उपस्थित रहीं। भगवान की पवित्र पोशाकों से निर्मित, पुनः उपयोग योग्य एवं पर्यावरण-अनुकूल "राम सौभाग्य थैले" श्रद्धापूर्वक श्री बाँके बिहारी मंदिर को भेंट किए गए। साथ ही मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में आए श्रद्धालुओं को ये मजबूत कपड़े के थैले वितरित किए गए, जिससे प्लास्टिक मुक्त वातावरण का संदेश जन-जन तक पहुँचे। अभियान के अंतर्गत मंदिर परिसर एवं उसके आसपास व्यापक स्वच्छता संकल्प भी लिया गया, जिसमें लोगों को प्लास्टिक थैलियों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कपड़े से बने थैलों को अपनाने, पुनः उपयोग की संस्कृति विकसित करने और स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का विनम्र आह्वान किया गया।


डॉ. शोभा विजेन्द्र ने इस अवसर पर कहा कि "आस्था हमें संस्कार देती है और पर्यावरण संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। जब दोनों साथ चलते हैं, तब समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है।" राम सौभाग्य थैले केवल श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक, संवेदनशील और प्रेरणादायी पहल भी हैं, जो यह संदेश देती है कि परंपरा और प्रकृति का संरक्षण साथ-साथ संभव है।